बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभालते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी अपने पुराने तेवरों में नजर आ रही हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ उनकी अपनी अलग सियासी अदावत रही है, जिसके चलते लोकसभा में विपक्ष के नेता को अपनी अमेठी सीट तक छोड़नी पड़ गई थी। अब ईरानी ने रायबरेली से कांग्रेस सांसद को हिंदू धर्म, नारी शक्ति और महिला आरक्षण को लेकर कुछ अहम सुझाव दिए हैं और उसपर अमल करने का अनुरोध भी किया है।
बीजेपी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने रविवार को राहुल गांधी से गुजारिश की कि वो महिलाओं के समर्थक होने के अपने दावे को सच करने के लिए लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33% कोटा सुनिश्चित करने में सहयोग करें।
'मनुस्मृति' वाली टिप्पणी पर महिला कोटा वाला अनुरोध
- दरअसल, शनिवार को कांग्रेस नेता ने पुणे में ' छात्रों की गूंज ' नाम के अपने एक कार्यक्रम में महिलाओं को भारत की शक्ति बताया था और उनसे कहा था कि वो अपनी जगह बनाने के लिए लड़ें और पुरुषों की प्रधानता के खिलाफ आवाज उठाएं।
- राहुल गांधी ने उस कार्यक्रम में कथित 'मनुस्मृति वाली सोच' की आलोचना करते हुए यहां तक दावा किया था कि कथित तौर पर महिलाएं आज भी अपने जीवन के हर मोड़ पर पुरुषों के नियंत्रण में रहने के लिए मजबूर हैं।
- इसी को आधार बनाकर बीजेपी नेता ने राहुल गांधी से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को पूरे देश की विधायिकाओं में 33%आरक्षण देने के लिए कानून बनाया और सभी दलों से इसे लागू करने में सहयोग की अपील की थी।
'धर्म का सहारा' लेने के बाद बीजेपी नेता ने दिया सुझाव
स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी के पुणे वाले जिस कार्यक्रमका जिक्र किया है, वहां पर हिंदू धर्म को लेकर भी टिप्पणियां की गई थी। बीजेपी नेता ने इसका हवाला देते हुए यह भी कहा, 'कल कांग्रेस नेता के कार्यक्रम में हिंदू धर्म से जुड़ी टिप्पणियां भी की गईं।' उनका कहना है कि क्योंकि, राहुल गांधी ने 'धर्म का सहारा' लिया, इसलिए उनसे 'एक और अनुरोध' है।
हिंदू धर्म पर टिप्पणी, देवी दुर्गा की आराधना का अनुरोध
- उन्होंने 15 अगस्त को कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरमगाए जाने को लेकर हुए विवाद का मुद्दा उठाते हुए कहा, 'कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम की जो लाइनें रोकी गईं, वास्तव में वह देवी दुर्गा से जुड़ी हुई थी।'
- स्मृति ईरानी ने देवी दुर्गा को 'शक्ति का रूप' बताते हुए कांग्रेस को यह सुझाव दिया कि अगर पार्टी अपने मुख्यालय में वंदे मातरम को पूरा गाएगी तो इससे वास्तव में 'महिलाओं के हितों के प्रति उसकी दिलचस्पी और झुकाव' दिखेगा।
- बीजेपी नेता का कहना है कि वंदे मातरम का पूरा गायन करने के साथ-साथ राहुल गांधी महिला आरक्षण को लागू करने में सहयोग करेंगे, तो नारी सशक्तिकरण पर कही गई अपनी बातों को वह पूरी तरह से'अमल' में ला सकेंगे।