पटना: रक्षाबंधन को लेकर बाजार गुलजार है। राखियां, मिठाइयां और रिटर्न गिफ्ट की जमकर खरीदारी हो रही है। बाजारों में खूब चहल-पहल दिख रही। जेन जी और जेन अल्फा से लेकर बुजुर्ग भाइयों तक की कलाइयों पर बांधने के लिए राखियों की खरीदारी बहनों ने बड़े उत्साह के साथ कर रहे। पटना में इस बार 9.50 लाख रुपए तक की राखी बिकी है। इसके अलावा भी सोने-चांदी के हजारों और लाखों रुपए की राखियां, भाइयों की कलाइयों पर बहनें बांधेंगी। सोने-चांदी की राखियों के अलावा डिजिटल से रेशम की सादगी वाली राखियों का बड़ा रेंज बाजार में उतारा गया। इस बार भद्रा का साया भी नहीं है और शुभ ग्रहों का योग भी बन रहा है।
साढ़े 9 लाख में बिकने वाली राखी की खासियत
पटना के ज्वेलर्स के मुताबिक लोगों ने लगभग दस हजार चांदी की राखियों की खरीदारी की है। इसका रेंज 500 से 5,000 रुपये के बीच रही। ऐसी पांच सौ से सात सौ राखियां प्रतिदिन बिकी हैं। शोरूम में कुल 10 हजार राखियां बेची गईं। सोने के ब्रेसलेट में दो कैरेट हीरे की नग वाली राखी भी बिकी है। साढ़े 9 लाख की इस राखी में 22 कैरेट के सोने के अलावा दो कैरेट का एकल गोल्ड प्लेटेड डॉयमंड सॉलेटियर भी लगा है। इसके अलावा भी 50 हजार से 5 लाख तक की बहुत राखियों की बिक्री हुई है।
रक्षाबंधन पर बेहतर कारोबार का अनुमान
कॉन्फेडेरशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स(कैट) ने रक्षाबंधन पर बिहार में 300 करोड़ के कारोबार होने का अनुमान जताया है। कैट के प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने मीडिया को बताया कि बाजार में राखी, ज्वेलरी, इलेक्ट्रिक सामान, मिठाई सहित विभिन्न उत्पादों का व्यापार में तेजी है। रक्षाबंधन पर बाजार में अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है। राखी, मिठाई, आभूषण और उपहार सामग्री की मांग बढ़ी है।
इको फ्रेंडली राखी की भी खूब डिमांड
भाइयों के लिए बहनें इको फ्रेंडली और सादगी पंसद राखियों की खूब खरीदारी कर रही हैं। बाजार में आई बीज और जैविक सूती धागों से बनी राखियों की काफी डिमांड है। जेन जी और जेन अल्फा भाइयों के लिए बहनें, भाई की तस्वीर, नाम या पसंदीदा कोट जैसे बेस्ट ब्रो, ‘तुम्हारे जैसा कोई नहीं’, ‘स्माइल फोरएवर’, ‘जियो हजारों साल’ वाले मैटेलिक, वुडन कट्स की राखियां खरीदी जा रही है। स्मार्ट ब्रासलेट और डिजिटल राखियों की भी खरीदारी हो रही है। स्मार्ट वॉच की तरह इन राखियों में एक बटन दबते ही भाई-बहन की फोटो-वीडियो दिखने लगती है।